पुलिस के मुताबिक, कुंडा थानाक्षेत्र के इब्राहिमपुर परसीपुर गांव निवासी पन्नालाल सरोज (31) एसएसबी का सिपाही था। वह बिहार के नौडेरा में तैनात था। तबीयत खराब होने पर तीन दिन पहले वह छुट्टी पर अपने घर आया था।
गुरुवार की शाम हरिशचंद्र की भैंस पन्नालाल के खेत में चली गई थी, जिसको लेकर पन्नालाल और हरिशचंद्र में तू-तू मैं-मैं के बाद हाथापाई भी हुई थी, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
इसके बाद शुक्रवार सुबह पन्नालाल अपने भतीजे विमलेश (25) के साथ शौच के लिए घर से कुछ दूर खेत गया। चाचा-भतीजे खेत में कुछ दूरी पर शौच के लिए बैठे थे। इस बीच गांव के हरिशचंद्र पटेल (32) चुपचाप पहुंचा और बैठे हुए पन्नालाल की गर्दन पर किसी वस्तु से ताबड़तोड़ वार करने लगा। गर्दन पर वार होते ही पन्नालाल चीखते हुए खेत में गिर पड़ा।
इस दौरान खेत में बैठा उसका भतीजा चीख सुनकर हड़बड़ाकर उठा और बचाव के लिए चाचा की ओर दौड़ा। लेकिन तब तक पन्नालाल मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने हरिशचंद्र और उसके पिता रामानंद पटेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
dharmpath.com dharmpath