आप के बर्खास्त मंत्री संदीप 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के बर्खास्त मंत्री संदीप कुमार को एक अदालत ने शुक्रवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वीडियो में कुमार के साथ दिखने वाली एक महिला की शिकायत पर उन्हें दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर संदीप को अदालत में पेश किया गया। इसके बाद विशेष न्यायाधीश पूनम चौधरी ने उन्हें 23 सितम्बर तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस ने अदालत से कहा कि हिरासत में रखकर आरोपी से पूछताछ की जरूरत नहीं है।

एक महिला ने उत्तरी दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने में कुमार के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाते हुए एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद गत शनिवार को पूर्व समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास मंत्री को गिरफ्तार किया गया था।

आप के पूर्व नेता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (दुष्कर्म) और 328 (आपराधिक भावना से जहर के जरिए क्षति पहुंचाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूर्व मंत्री पर सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 67ए के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि राजधानी के सुल्तानपुरी इलाके में स्थित कुमार के कार्यालय सह आवास में जब वह राशन कार्ड बनवाने के लिए गई थीं तब उन्होंने उसका यौन शोषण किया था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुमार ने उसे नशीला शीतल पेय पीने के लिए दिया, जिसके बाद सही में उसके साथ क्या हुआ था और उसने कैसा व्यवहार किया था, जिसे वह याद नहीं कर सकती है।

दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उस घर का निरीक्षण किया जहां महिला ने आरोप लगाया था कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493