गोवा भाजपा बर्बाद कर रही संस्कृति : संघ के बागी नेता

subhash-velingkarपणजी, 11 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बागी नेता सुभाष वेलिंगकर ने रविवार को आह्वान किया कि स्वयंसेवक विष्णु के नरसिंह अवतार की तरह हो जाएं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आने वाले विधानसभा चुनाव में हराएं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गोवावासियों का विराष्ट्रीकरण करने की कोशिश कर रही है, स्थानीय संस्कृति को बर्बाद कर रही और अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण के साथ हद से बाहर जा रही है।

गोवा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बागी इकाई के पहले सम्मेलन को संबोधित कर रहे वेलिंगकर ने रक्षामंत्री और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर पर भी संघ के बागियों में फूट डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

वेलिंगकर ने कहा, “हमें नरसिंह की तरह बनना होगा। हमारे आंदोलन के विरोधी केवल हमारी संस्कृति एवं मातृभाषा के विरोधी नहीं हैं, वे इसके भक्षक हैं। उनकी हार अब होने वाली है।”

हिंदू धर्मग्रंथ के अनुसार, नरसिंह भगवान सिंह का चेहरा व पंजे सिंह जैसे थे और बाकी शरीर मानव जैसा। उन्होंने दानवों के राजा हिरण्यकश्यपु को मारने के लिए यह अवतार लिया था।

वेलिंगकर ने भाजपा के साथ-साथ पर्रिकर पर भी गोवा के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की प्रारंभिक भाषा के रूप में क्षेत्रीय भाषा मराठी और कोंकणी की जगह अंग्रेजी का समर्थन करने का आरोप लगाया।

संघ के बागी नेता ने यह भी कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में अंग्रेजी भाषा में पढ़ाने वालों को राज्य सरकार का अनुदान देने के पक्ष में भाजपा के एक भी कार्यकर्ता ने समर्थन नहीं किया था। उन्होंने कहा कि संघ का नेतृत्व उनकी पर्रिकर की आलोचना को लेकर डरा हुआ था।

उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा, “उन लोगों ने कहा कि पर्रिकर का नाम न लो। वह दोषी हैं और वह ऐसी स्थिति पैदा करने के लिए जिम्मेदार हैं। क्या मुझे उनका नाम नहीं लेना चाहिए? मैं तो लोगों के सामने सच्चाई रख रहा हूं।”

इसी माह की शुरुआत में वेलिंककर ने पर्रिकर पर संघ के शीर्ष नेता पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके उन्हें संघ के राज्य प्रमुख से हटवाने का आरोप लगाया था। संघ के बागी नेता ने गोवा में संघ की समानांतर इकाई भी गठित कर ली। इस इकाई ने उन्हें संघचालक के रूप में मनोनीत किया है।

उन्होंने भाजपा की राज्य सरकार द्वारा पर्रिकर और उसके बाद उनकी जगह मुख्यमंत्री बने लक्ष्मीकांत पारसेकर के शासन में किए गए वादों को पूरा करने में नाकामी और सरकार की खराब शासन व्यवस्था की भी आलोचना की।

संघ ने शनिवार को ही गोवा के लिए नया संघचालक नियुक्त किया है।

वेलिंगकर ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले चुनाव में भाजपा को वोट देने से स्थानीय संस्कृति बर्बाद होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गोवा में कांग्रेस से भी ज्यादा अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण में लगी हुई है।

वेलिंगकर ने कहा, भाजपा उन सभी मांगों को मान लेगी जिससे विराष्ट्रीकरण होगा। यदि भाजपा फिर जीत जाती है तो कहेगी कि उसे इसके लिए जनसमर्थन मिला है। भाजपा को संस्कृति का नाश करने का लाइसेंस नहीं दिया जाना चाहिए।

उन्होंने दोहरी नागरिकता के मुद्दे पर भाजपा की स्थिति की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य का ज्यादातर कैथोलिक ईसाई समुदाय इसकी मांग कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493