कोझिकोड़ (केरल), 23 सितंबर (आईएएनएस)। पानी में खेले जाने वाले खेलों के एक प्रेमी ने इन खेलों के प्रति अपने प्रेम को एक अलग स्तर पर ले जाने का फैसला किया है। 44 वर्षीय कौशिक कोडिथोडी ने नदी के सफाई अभियान के जरिए जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा है।
कौशिक अपनी 60 सदस्यों की टीम के साथ 68 किलोमीटर के दायरे में फैली चलियार नदी को साफ करेंगे।
दुबई में सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करने वाले कौशिक ने कोझिकोड में एक ‘जैलीफिश वाटर स्पोर्ट्स क्लब’ खोला। यह उनका गृहनगर भी है। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ चार साल पहले यह क्लब शुरू किया था।
कौशिक ने कहा, “इसकी शुरुआत के लिए, हमने कुछ डोंगियां लेकर इसमें रुचि रखने वाले लोगों को प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया था और अब हमारे पास 50 डोंगियां हैं। हम शिविरों के अलावा भी छुट्टियों के दिनों में प्रशिक्षण देते हैं, ताकि बच्चे इसमें हिस्सा ले सकें।”
चालियार नदी में कयाक में सफर करने के दौरान कौशिक को काफी गंदगी नजर आई थी, जिसे देखते हुए उन्होंने ऐसा करने का फैसला किया है।
कौशिक ने कहा कि वह इसकी शुरुआत मालापुरम जिले के नीलाबुर इलाके से करेंगे। अगले दो दिनों में आठ किलोमीटर का रास्ता तय करेंगे।
उन्होंने कहा, “इस सफाई अभियान के अंत में हम नदी से 1,000 किलोग्राम का कूड़ा इकट्ठा करेंगे, जिसे रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा।”
dharmpath.com dharmpath