कोल्हापुर, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। 13वें जेके टायर-एफएमएससीआई राष्ट्रीय रोटैक्स काटिर्ंग चैंपियनशिप अपने समापन की ओर अग्रसर है। इसके पांचवें एवं अंतिम दौर का आयोजन यहां मोहिते रेसिंग अकादमी में किया जाएगा।
पांचवें और अंतिम दौरे में जीत के प्रबल दावेदार विष्षु प्रसाद, रिकी डोनिसन, ध्रुव मोहिते, नयन चटर्जी और आकाश गौड़ा माने जा रहे हैं।
चेन्नई के मेको रेसिंग के विष्णु इस राउंड में बतौर विजेता उतर रहे हैं। उनके और बीपीसी रेसिंग के डोनिसन में चार अंकों का फासला है। डोनिसन पिछले राउंड में फाइनल रेस पूरी ना कर पाने की वजह से दूसरे स्थान पर खिसक गए थे। विष्णु के 328 और डोनिसन के 324 अंक हैं।
इस रेस में इन दोनों को कई खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती मिलेगी। स्थानीय रेसर ध्रुव मोहिते के 314 अंक हैं जो कि विजेता से सिर्फ 14 अंक कम हैं ध्रुव निश्चित तौर पर इस ट्रैक को भलीभांति जानते हैं। क्योंकि वह बचपन से यहां रेसिंग करते आ रहे हैं। इसका फायदा उन्हें जरुर मिलेगा।
हालांकि विष्णु को खिताब हासिल करने की राह में सबसे बड़ी चुनौती मुंबई के नयन चटर्जी से मिल सकती है। मेको रेसर नयन ने हर रेस के साथ गजब का सुधार किया है और वह काटिर्ंग चैंपियनशिप के फाइनल के आखिरी दो दिनों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। वह विजेता खिलाड़ी से महज 15 अंक पीछे है और अगर बारिश के बाद भीगे ट्रैक पर रेस होती है तो उसके जीतने की संभावना बढ़ सकती है।
जेके मोटरस्पोर्ट्स के अध्यक्ष संजय शर्मा का मानना है कि इस राउंड में खिलाड़ियों के धैर्य और संयम का इम्तहान होगा। उन्होंने कहा, “पूरे साल की कठोर मेहनत का नतीजा यहां मिलेगा। मैं सभी रेसरों को शुभकामनाएं देता हूं और उम्मीद करता हूं कि सर्वश्रेष्ठ रेसर जीत हासिल करे।”
जूनियर मैक्स श्रेणी (13 से 16 साल के बच्चों की) में फरीदाबाद के विजेता रेसर मानव शर्मा (334 अंक) और बेंगलुरू के यश अराध्य (328 अंक) के बीच जोरदार मुकाबला होने की पूरी उम्मीद है।
माइक्रो मैक्स श्रेणी (7 से 12 साल के बच्चों की) में सबकी निगाहें मेको रेसिंग के रेसर शाहान अली पर होगी। आगरा के इस युवा रेसर के 348 अंक हैं जो दूसरे रेसर से पूरे 20 अंक ज्यादा हैं, शाहान का आत्मविश्वास आसमान पर होगा क्योंकि उन्होंने इसी दौरान एशियन काटिर्ंग चैंपियनशिप का खिताब भी जीता है। फिर भी मेको के अर्जुन एस नायर(328 अंक) और बीरेल आर्ट के रुहान अल्वा (321 अंक) को उम्मीद होगी कि वे शाहान को कड़ी चुनौती दे पाएंगे।
dharmpath.com dharmpath