सूचना का शीघ्र प्रसार सरकार की प्राथमिकता : राठौर

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर ने शुक्रवार को कहा कि संचार प्रणाली विशेष रूप से सोशल मीडिया में परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सूचना देने की रणनीति को दोबारा परिभाषित किया है और उसी के अनुसार सामग्री तथा जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव के कारण आज सूचना देने और सूचना लेने के तरीकों में बदलाव आया है।

राठौर ने यह बात यहां पुस्तक ‘इंडिया कनेक्टेड : मैपिंग द इम्पेक्ट ऑफ न्यू मीडिया’ के विमोचन के अवसर पर कही। इस पुस्तक की लेखिका डॉ. शालिनी नारायणन और डॉ. सुमित्रा सेन नारायणन हैं।

मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया से प्रेरित होकर आज समाचार प्रसारक अपने चैनलों पर चर्चा और बातचीत के विषय तय करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों के साथ प्रभावी संपर्क स्थापित करने के लिए आधुनिक उपकरणों और तकनीकों के साथ अधिकारियों को सोशल मीडिया के क्षेत्र में प्रशिक्षित करने के लिए सम्मेलन और कार्यशालाएं आयोजित कर रही है।

‘इंडिया कनेक्टेड : मैपिंग द इम्पेक्ट ऑफ न्यू मीडिया’ में पारम्परिक मीडिया की तुलना में सोशल मीडिया के प्रभाव के बारे में बताया गया है। इसमें भारतीय व्यवस्था में सोशल मीडिया की चुनौतियों और अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493