किशोरों के मोटापे के इलाज के लिए मुंबई में देश का पहला क्लिनिक

मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी और एक्सिस बैंक की उपाध्यक्ष अमरुता फडणवीस ने रविवार को देश के ऐसे पहले क्लिनिक का उद्घाटन किया जहां किशोरों में बढ़ रहे मोटापे का इलाज किया जाएगा।

यह क्लिनिक शहर के सूर्या अस्पताल में खोला गया है। इसे पुणे और मुबंई में हाल में किए गए सर्वेक्षण के बाद खोला गया। सर्वेक्षण के मुताबिक 18 प्रतिशत स्कूल जाने वाले बच्चे मोटापे का शिकार हैं, 32 प्रतिशत का वजन अधिक है और 52 प्रतिशत बच्चों को मधुमेह होने की संभावना है।

अस्पताल के अनुसार, यह क्लिनिक मोटापा और मेटाबॉलिक रोगों के समाधान का केंद्र होगा। यहां सलाहकारों से लेकर, पोषण विशेषज्ञ और मोटापे के इलाज से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। इस क्लिनिक में किशोरों में मोटापे के इलाज से जुड़ी सभी उन्नत तकनीक होगी।

अमरुता ने कहा, “मोटापे के इलाज के लिए सूर्या अस्पताल की यह एक प्रशंसनीय पहल है। इस इलाज के लिए यह केंद्र पूरी तरह से संसाधनों से लैस है। मोटापा किशोरावस्था के दौरान नियंत्रित किया जाना चाहिए। यह अध्यापकों और माता-पिता में जागरूकता बढ़ाकर किया जा सकता है। इसके लिए क्षेत्रीय और सांस्कृतिक संतुलित आहार को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।”

इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर द स्टडी ऑफ ओबेसिटी (आईएएसओ) और इंटरनेशनल ओबेसिटी टास्कफोर्स (आईओटीएफ) के अनुसार, 20 करोड़ स्कूली बच्चे मोटापे या अधिक वजन से ग्रस्त हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493