मकाऊ, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी ने गुरुवार को मकाऊ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में शुरू हुए मकाऊ ओपन के पहले राउंड में 5 अंडर 66 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।
पूर्व चैम्पियन लाहिड़ी के लिए पहला राउंड काफी अच्छा रहा, जिसमें वह एक भी शॉट नहीं चूके।
एशियन टूर के 11 लाख डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में अनिर्बान ने मध्यांतर से पहले दो जबकि मध्यांतर के बाद तीन बर्डी हासिल की और आस्ट्रेलिया के मार्कस फ्रेजर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे।
इंग्लैंड के आयन पोल्टर 7 अंडर 64 का स्कोर कर स्पेन के कार्लोस पीजेम के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे।
लाहिड़ी के बाद पोल्टर एकमात्र ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने पहले राउंड में एक भी बोगी नहीं लगाई।
चोट के कारण चार महीने से गोल्फ कोर्स से दूर रहने के बाद वापसी करते हुए पोल्टर ने पहले राउंड में पार 5 वाले सभी होल पर बर्डी लगाए।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले अन्य भारतीय प्रतिभागियों में चिराग कुमार संयुक्त रूप से छठे, जबकि राहिल गंगजी संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर रहे। इनके अलावा एस. चिक्का, राशिद खान और ज्योति रंधावा 2 अंडर 69 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 16वें स्थान पर रहे।
खलिन जोशी और शंकर दास ने 70 का समान स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से 28वां स्थान हासिल किया।
मैच के बाद लाहिड़ी ने कंधे पर लगी चोट के बारे में कहा, “अब मेरे कंधे का दर्द ठीक हो रहा है। मैं खुश हूं और शारीरिक तौर पर बेहतर महसूस कर रहा हूं। मैंने जब इस गोल्फ कोर्स में प्रवेश किया तो मैं मानसिक तौर पर स्थिरता हासिल कर चुका था।”
लाहिड़ी ने कहा, “मेरा खेल इस गोल्फ कोर्स के अनुकूल काफी हद तक ढल चुका है। मैं पहले राउंड के अपने प्रदर्शन से खुश हूं, जिसमें मैंने कम से कम गलतियां कीं और ज्यादा खराब शॉट नहीं लगाए।”
dharmpath.com dharmpath