पटना, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिंक पटेल ने पाटीदार आरक्षण आंदोलन के समर्थन के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर गुजरात आमंत्रित किया है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि नीतीश गुजरात जा सकते हैं।
जनता दल (युनाइटेड) के महासचिव क़े सी़ त्यागी ने शुक्रवार को कहा कि हार्दिक पटेल ने नीतीश कुमार को गुजरात आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि मराठा क्रांति मोर्चा, गुर्जर आंदोलन और जाट महासभा ने भी नीतीश कुमार को अपने-अपने प्रदेश में आमंत्रित किया है और उनके नेतृत्व में आस्था प्रकट करते हुए अभिनंदन करने का प्रस्ताव दिया है।
उल्लेखनीय है कि राजगीर में जनता दल (युनाइटेड) की हाल में हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पाटीदारों (पटेल), मराठों, गुर्जरों और जाटों के आरक्षण की मांग को जायज ठहराया था।
त्यागी ने कहा कि पाटीदार आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हार्दिक पटेल, मराठा क्रांति मोर्चा के संयोजक ब्रिगेडियर सुधीर सामंत, जाट महासभा के डॉ. यदुवीर सिंह और राजस्थान गुर्जर आंदोलन के संयोजक हिम्मत सिंह ने नीतीश कुमार के उस बयान का स्वागत किया है, जिसमें उन्होंने पाटीदार, गुर्जर, मराठा और जाट समाज के आरक्षण आंदोलनों का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि हार्दिक पटेल ने मुख्यमंत्री के नाम भेजे पत्र में कहा है, “हमारा समाज गुजरात में पाटीदार, महाराष्ट्र में मराठा, राजस्थान में गुर्जर और दक्षिण भारत में कापू कम्मा रेड्डी के नाम से जाना जाता है। हमारा समाज आरक्षण के अपने संवैधानिक अधिकार की मांग कर रहा है।”
त्यागी ने कहा कि गुर्जर और जाट महासभा के संयोजक ने फोन पर मुख्यमंत्री से बात की है और जद (यू) अध्यक्ष के आगमन की तिथि तय करने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि नीतीश ने जद (यू) की बैठक में किसानों की समस्या का जिक्र करते हुए कहा था कि खेती-किसानी से जुड़े पाटीदार, गुर्जर, मराठा और जाट अब आरक्षण की मांग कर रहे हैं। आमतौर पर यह वर्ग मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है, लेकिन अब इनकी माली हालत खराब हो गई है, इसलिए अब वे आरक्षण मांग रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath