जकार्ता, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के अनुभवी गोल्फ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह ने बैंक बीआईआई-जेसीबी इंडोनेशिया ओपन के तीसरे दिन शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए लीडरबोर्ड में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
चार वर्षो से एक भी खिताब नहीं जीत सके जीव ने तीसरे राउंड में छह अंडर 66 का स्कोर किया और 203 के ओवरऑल स्कोर के साथ बढ़त ले ली।
भारत के ही गगनजीत भुल्लर ने भी तीसरे राउंड में छह बर्डी लगाए, लेकिन दो बोगी लगाने के बाद वह 4 अंडर 68 का स्कोर हासिल कर सके और 204 के ओवरऑल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
दो बार एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता जीव ने मध्यांतर से पहले दूसरे, चौथे और छठे होल पर बर्डी लगाए। इसके बाद उन्होंने मध्यांतर के बाद 14वें, 15वें और 18वें होल पर बर्डी लगाते हुए बढ़त हासिल की।
थाईलैंड के पन्नाकोर्न उथैपास ने तीसरे राउंड में 2 अंडर 70 का स्कोर किया और 205 के ओवरऑल स्कोर के साथ लीडरबोर्ड में तीसरा स्थान हासिल किया।
तीसरे राउंड की समाप्ति के बाद जीव ने कहा, “आज (शनिवार) मैं सुबह चार बजे उठा और दिन भर में मैंने 29 होल खेले। मुझे याद नहीं कि इससे पहले मैंने कब इतने होल एक दिन में खेले। ईमानदारी से कहूं तो मेरा पैर दर्द कर रहा है, लेकिन मुझे कल अंतिम राउंड के लिए तैयार रहना है।”
जीव ने कहा, “मैं मन से तो 21 वर्ष का ही हूं, लेकिन मेरा शरीर अब इतना जवान नहीं रहा। मैं अगले 10 वर्षो तक खेलते रहना चाहता हूं या जितना अधिक से अधिक समय तक मैं खेल सकूं।”
dharmpath.com dharmpath