कोलकाता, 20 नवंबर (आईएएनएस)। कोलकाता में चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक की शुक्रवार को पुलिस हिरासत में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हिरासत में उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है।
कोलकाता के इकबालपुर निवासी फरदीन खान (20) को करीब 10 दिन पहले कथित तौर पर एक मोबाइल फोन चुराने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
उसे दो बार पुलिस हिरासत में लिया गया। उसे 10 दिन प्रेसीडेंसी जेल में और उसके बाद एक दिन के लिए लाल बाजार में कोलकाता पुलिस मुख्यालय में रखा गया।
फरदीन को शुक्रवार शाम गंभीर हालत में एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन ने शुक्रवार रात को कहा कि उसके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
फरदीन की मां इम्तियाज बेगम ने कहा, “चार दिन पहले जब हम अपने बेटे से प्रेसीडेंसी जेल में मिले थे, तब मेरा बेटा बिल्कुल ठीक था। केवल चार दिनों में ऐसा क्या हो गया कि उसकी मौत हो गई। हमें लगता है कि उसकी मौत इसलिए हुई है, क्योंकि उसे लालबाजार पुलिस हिरासत में बुरी तरह पीटा गया।”
फरदीन के परिवार ने यह दावा भी किया कि उसके शरीर पर पिटाई के गहरे निशान थे।
हालांकि पुलिस ने इन आरोपों से इंकार किया है।
लालबाजार के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “फरदीन नशे का आदी था। पुलिस हिरासत में उसे इससे संबंधित परेशानी हो रही थी।”
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) विशाल गर्ग ने कहा, “हम मामले की जांच करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath