नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को यहां एक पार्क से मोर्टार शेल बरामद किया। इसके बाद तुरंत पार्क को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसे निष्क्रिय करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की एक टीम तैनात की गई।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली के किशनगढ़ में दिल्ली विकास प्राधिकरण के पार्क में एक मोर्टार शेल लवारिस पड़ा मिला।
पुलिस ने बताया कि सुबह 8.30 बजे उसे एक फोन के जरिए पार्क में किसी संदेहास्पद वस्तु के होने की सूचना मिली।
एक पुलिस अधिकारी ने वस्तु की पहचान एक मोर्टार शेल के रूप में की और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिस्वाल ने कहा, “प्रक्रिया के तहत एहतियाती कदम के रूप में इलाके को खाली करा लिया गया। मोर्टार को निष्क्रिय करने और ले जाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की एक टीम को बुलाया गया।”
dharmpath.com dharmpath