नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म अमेजन से गुरुग्राम में 18 लाख रुपये के सामान लूटने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि शनिवार रात गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा में गुरुग्राम के खेड़की दौला इलाके में शुक्रवार को ट्रक लूटने में शामिल रहे कुछ लुटेरे सामानों को ठिकाने लगाने के लिए दक्षिण दिल्ली के रंगपुरी इलाके में आ रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिस्वाल ने कहा, “इसके लिए एक जाल बिछाया गया और जैसे ही तीनों महिपालपुर पहुंचे पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।”
बिस्वाल ने कहा, “आरोपियों की पहचान मोनू, कर्मवीर और दीपक के रूप में हुई है और वे सभी अलीगढ़ से हैं।”
उन्होंने कहा, “गुरुग्राम में एक मामला दर्ज किया गया है और गुरुग्राम पुलिस को गिरफ्तारी और उनके पास से जब्त हुए चोरी के सामानों के बारे में सूचना दे दी गई है।”
बिस्वाल ने कहा कि लूट में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
dharmpath.com dharmpath