उप्र में शाम 5 बजे तक 60 फीसदी मतदान (लीड-5)

लखनऊ, 8 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए बुधवार को जारी मतदान के तहत शाम पांच बजे तक 60 फीसदी मतदान की खबर है। इस चरण में सात जिलों की 40 विधानसभा सीटों पर वोट डाले गए। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी की सभी आठ सीटों के मतदान केंद्रों पर भारी तादाद में महिलाओं को मतदान करते देखा गया।

उप निर्वाचन आयुक्त विजय देव ने कहा कि शाम पांच बजे तक 60 फीसदी मतदान हुआ, लेकिन आंकड़ों में बढ़ोतरी संभव है।

उत्तर प्रदेश निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा, किसी भी क्षेत्र से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी़ वेंकटेश ने बताया कि इस अंतिम चरण के मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

इस चरण में कुल 535 प्रत्याशी मैदान में थे। महिला प्रत्याशियों की तादाद 51 है। सबसे अधिक 24 प्रत्याशी वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र में थे और सबसे कम छह प्रत्याशी जौनपुर की केराकत सुरक्षित विधानसभा सीट पर थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी उत्तर, वाराणसी कैंट में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के साथ वीवीपैड लगाए गए थे।

उन्होंने बताया कि 2012 के पिछले विधानसभा चुनावों में इन सात जिलों में कुल 57़ 92 प्रतिशत मतदान हुआ था।

सभी चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद मतों की गणना 11 मार्च को होगी। जीतने वाले होली से दो दिन पहले ही गुलाल उड़ाएंगे और ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी कर दिवाली का भान कराएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493