लोकसभा में भारतीय मछुआरे की मौत का मुद्दा गूंजा

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। संसद के निचले सदन लोकसभा में गुरुवार को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा कथित तौर पर भारतीय मछुआरे की हत्या का मुद्दा उठा। सरकार से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की गई।

ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के नेता एम.थंबीदुरई ने लोकसभा में मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस हत्या को लेकर मछुआरा समुदाय सदमे में है।

उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा नियमित रूप से भारतीय मछुआरों को परेशान किया जा रहा है, इनके मछली पकड़ने के उपकरणों को भी उठा लिया जाता है।

एआईएडीएमके नेता ने केंद्र सरकार से कचाथीवू द्वीप के मुद्दे को सुलझाने का आग्रह किया जिसे श्रीलंका को सौंपा गया है।

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि मछुआरा समुदाय के लिए त्वरित कार्रवाई किए जाने की जरूरत है क्योंकि इनके लिए मछली पकड़कर जीविकोपार्जन करना मुश्किल हो रहा है।

थरूर ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना ने हाल ही में भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा डिएगो ग्रासिया के ब्रिटिश इंडिया ओशन टेरीटरी (बीआईओटी) में भी भारतीय मछुआरों को हिरासत में रखा गया।

उन्होंने कहा, “समुद्र तट के पास मछलियों की संख्या घट रही है। इसलिए मछुआरे गहरे समुद्र में जाकर मछलियां पकड़ते हैं। मछली पकड़ने के ढांचे का आधुनिकीकरण करने की तत्काल जरूरत है।”

भारतीय अधिकारियों ने बताया कि रामानाथपुरम जिले के थांगाचिमादम में सोमवार रात को छह मछुआरे कचाथीवू द्वीप के पास मछली पकड़ रहे थे जब इन पर फायरिंग की गई। यह इलाका भारत और श्रीलंका को विभाजित करता है।

इसमें एक मछुआरे के.ब्रित्जो की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य घायल हुआ था जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हालांकि, श्रीलंका ने इस हत्या में अपने शामिल होने से इनकार किया है और घटना की जांच का वादा किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493