उद्घाटन समारोह के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव का शुभारंभ मैक्स बाटोर्ली द्वारा निर्देशित अमेरिका की बाल फिल्म ‘द सीक्रेट ऑफ ज्वाय’ से हुआ। यह कहानी एक ऐसी बालिका की है जो एक सुंदर संसार की कल्पना करती है, जिसमें वीर योद्धा, सुंदर परियां आदि बहुत कुछ है। इस बेहद रोमांचक फिल्म ने सिर्फ बच्चों को ही नहीं अपितु बड़ों को भी भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सोचने पर मजबूर किया।
बाल फिल्मोत्सव का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा, “सी.एम.एस. द्वारा कई देशों की अच्छी व शिक्षात्मक बाल फिल्मों को नि:शुल्क प्रदर्शित करना किशोरों व युवाओं को जीवन मूल्यों की शिक्षा देने का कारगर तरीका है। बच्चे बचपन में जो देखते हैं, वहीं बड़े होकर बन जाते हैं। इस फिल्म महोत्सव में बच्चों को अच्छी-अच्छी बाल फिल्में दिखाई जा रही हैं, जिससे बच्चों में नैतिकता का विकास होगा।”
डॉ. शर्मा ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि यह अंतर्राष्ट्रीय बाल फिल्मोत्सव बच्चों के साथ ही साथ अभिभावकों व शिक्षकों में भी समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने में मदद करेगा।”
समारोह में टीवी एवं फिल्म जगत की प्रख्यात हस्तियों में मुकेश खन्ना, प्रख्यात कलाकार एवं चेयरमैन, चिल्ड्रेंस फिल्म्स सोसाइटी ऑफ इंडिया, पांखुरी गिडवानी, फेमिना मिस इंडिया-2016, फिल्म दंगल के बाल कलाकार सुहानी एवं रित्विक सहोर, बाल फिल्म ‘टूनपुर का सुपर हीरो’ का बाल कलाकार अमय पांड्या उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath