मप्र में खनिज के अवैध परिवहन के 12 हजार मामले दर्ज

भोपाल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में खनिज का अवैध कारोबार बड़ा मुद्दा है, और बड़े पैमाने पर यह हो भी रहा है। यह खुलासा विभागीय आंकड़ों से हुआ है। बीते वित्तीय वर्ष में खनिज के अवैध परिवहन के लगभग 12 हजार प्रकरण दर्ज किए गए थे।

खनिज विभाग द्वारा सोमवार को जारी आधिकारिक ब्यौरे में बताया है कि बीते एक वर्ष में राज्य के खनिज राजस्व में 64 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में वर्ष 2016-17 में खनिज राजस्व के रूप में 3746 करोड़ 11 लाख रुपये की आय हुई है, जबकि वर्ष 2015-16 में 3610 करोड़ 56 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई थी।

विभाग का दावा है कि राज्य में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाई गई है। वर्ष 2016-17 में अवैध परिवहन के 11 हजार 885, अवैध भंडारण के 648 और अवैध खनन के 827 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। इन प्रकरणों में अर्थदंड के रूप में करीब 35 करोड़ रुपये दोषियों से जमा कराए गए।

विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रदेश में खनिजों के परिवहन पर निगरानी के लिए सभी 51 जिलों में इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास (ई-टीपी) की व्यवस्था को लागू किया गया है। अवैध खनन, परिवहन और भंडारण की जानकारी मासिक-पत्रक के रूप में एमआईएस रिपोर्ट के रूप में प्राप्त की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493