लखनऊ , 25 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए। बैठक में 15 मई से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही स्कूलों-कॉलेजों में महापुरुषों के जन्मदिन पर होने वाली छुट्टियां रद्द करने का भी निर्णय लिया गया है।
बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 15 मई से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया है, जो एक सप्ताह तक चलेगा।
शर्मा ने कहा कि राज्य में स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों में महापुरुषों के जन्मदिन पर अब छुट्टियां नहीं होंगी। इस तरह की कुल 15 छुट्टियां रद्द की गई हैं।
शर्मा ने कहा कि इन दिनों को अवकाश के तौर पर नहीं मनाया जाएगा, बल्कि स्कूलों और कॉलेजों में एक घंटे के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शर्मा ने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ एक कार्यबल के गठन को भी हरी झंडी दे दी गई है, जिसका गठन मंडल एवं तहसील स्तर पर किया जाएगा।
प्रवक्ता ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कोई धर्म के नाम पर कब्जा नहीं कर सकेगा, और इसके खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट में मंगलवार को सुकमा के शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी गई और सुकमा नक्सली हमले में शहीद हुए उप्र के जवानों को 30-30 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से दिया जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath