महिला हॉकी : न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में भारत को 8-2 से हराया (लीड-1)

प्यूककोहे (न्यूजीलैंड), 16 मई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की महिला हॉकी टीम ने स्टेसी मिकेल्सन के हैट्रिक और अपने मजबूत डिफेंस के दम पर भारत को पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे मैच में करारी शिकस्त दी।

मंगलवार को रोजा बिच पार्क में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 8-2 से मात दी।

इससे पहले, रविवार को खेले गए पहले मैच में भी मेजबान टीम ने भारत को 4-1 से हराया था।

मैच की शुरुआत के तीसरे ही मिनट में सामंथा हैरीसन ने फील्ड गोल दाग कर न्यूजीलैंड का खाता खोला। छठे मिनट में स्ट्राइकर रानी ने भारत के लिए गोल दागकर स्कोर बराबर करने की कोशिश की, लेकिन उनकी यह कोशिश असफल रही।

दूसरे क्वार्टर में भी मेजबान टीम का ही दबदबा रहा। 21वें और 30वें मिनट में स्टेसी ने दो गोल दागकर न्यूजीलैंड को भारत पर 3-0 की बढ़त दी।

तीसरे क्वार्टर में अवसर पाकर लिलीमा मिंज ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करते ही स्कोर 1-3 किया, लेकिन दो मिनट बाद ही स्टेसी ने तीसरा गोल दागने के साथ ही अपनी हैट्रिक पूरी करते हुए न्यूजीलैंड का स्कोर मेहमान टीम के खिलाफ 4-1 से मजबूत किया।

न्यूजीलैंड के मजबूत डिफेंस के आगे कमजोर भारतीय टीम के लिए दूसरा गोल चौथे क्वार्टर में अनुपा बार्ला ने किया। इस गोल के साथ भारतीय टीम ने खेल में वापसी करने की कोशिश की, लेकिन न्यूजीलैंड ने और चार गोल दागने के साथ ही इस कोशिश पर पानी फेर दिया।

न्यूजीलैंड के लिए ये चार गोल चौथे क्वार्टर में कस्र्टन पीयर्स (52वें मिनट), मेडिसन डोआर (56वें मिनट), सामंथा (56वें मिनट) और स्टेफिनी डिकिंस (60वें मिनट) ने किए, जिसके दम पर मेजबान टीम ने भारत को 8-2 से करारी शिकस्त दी।

न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीसरा मैच 17 मई को खेला जाएगा। भारतीय टीम के पास अब भी इस श्रृंखला को अपने नाम करने का मौका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493