गेल चाहते हैं रियल मेड्रिड जीते चैम्पियंस लीग

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल स्पेनिश फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के प्रशंसक हैं और वह चाहते हैं कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह क्लब 12वीं बार चैम्पियंस लीग का खिताब जीते।

मेड्रिड प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए चार जून को कार्डिफ में इटली के अग्राणी क्लब जुवेंतस से भिड़ेगा।

यूरोप के दो दिग्गज क्लबों के बीच यह यूरोपीयन कप में 19वां मुकाबला होगा, जिसमें से दोनों टीमें आठ-आठ मुकाबले जीती हैं।

एक कार्यक्रम से इतर गेल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मैं रियल मेड्रिड का प्रशंसक हूं। वह शानदार टीम है। मैं उसका समर्थन करता हूं।”

जुवेंतस ने दो बार यूरोपियन चैम्पियनशिप पर कब्जा जमाया है वहीं रियल मेड्रिड ने 11 बार यह खिताब अपने नाम किया है।

मेड्रिड का प्रशंसक होने के बावजूद भी गेल ने जुवेंतस की तारीफ की।

उन्होंने कहा, “जुवेंतस भी अच्छी टीम है। उनकी रक्षापंक्ति काफी मजबूत है। इसलिए यह शानदार मैच होने वाला है। मैं इसका लुत्फ उठाने के लिए तैयार हूं।”

उन्होंने कहा, “सीआर7 (रोनाल्डो) फाइनल में निश्चित अच्छा प्रदर्शन करेंगे साथ ही इस्को भी। अगर वह फाइनल में हैट्रिक के साथ अंत करते हैं तो यह शानदार होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493