उमा भारती का गंगा निरीक्षण अभियान शुरू

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने नमामि गंगे परियोजनाओं का निरीक्षण करने के लिए गंगा निरीक्षण अभियान के पहले चरण में शुक्रवार को कोलकाता के निकट बैरकपुर स्थित केंद्रीय अंतरदेशीय मत्स्य पालन अनुसंधान संस्थान का दौरा किया। इस संस्थान में गंगा में मत्स्य पालन को लेकर विशेष अनुसंधान होता है।

केंद्रीय मंत्री अपने 15 दिनों की यात्रा के दौरान गंगा सागर से लेकर गंगोत्री तक गंगा किनारे स्थित विभिन्न स्थानों पर स्वयं जाकर नमामि गंगे परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगी।

उमा भारती लगभग ढाई हजार किलोमीटर की अपनी यात्रा के दौरान काकद्वीप, गंगासागर, कपिलमुनि आश्रम, नवद्वीप, मुर्शीदाबाद, फरक्का, सुल्तानगंज (भागलपुर), मुंगेर, पटना, आरा, बक्सर, वाराणसी, इलाहाबाद, श्रृंगवेरपुर, फतेहपुर, कानपुर, फतेहगढ़, कासगंज, नरोरा, भृगुआश्रम, ब्रजघाट, विदुरकुटी, हरिद्वार, उत्तर काशी होते हुए गंगोत्री तक जाएंगी।

केंद्रीय मंत्री इस यात्रा को नदी, सड़क, रेल, हवाई और पैदल मार्ग से पूरा करेंगी। इस दौरान इन क्षेत्रों में आयोजित गंगा चौपाल में भी भाग लेंगी। गंगा चौपाल में मंत्री नमामि गंगे परियोजना से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ इस परियोजना को सफल बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगी। इनमें सरकारी, गैर-सरकारी संगठन, स्वयं सेवी संस्थाएं और स्थानीय निवासी शामिल होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493