सतना, 30 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह की अंत्येष्टि उनके पैतृक गांव बरौंधा में मंगलवार को हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बरौधा पहुंचकर प्रेम सिंह की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
चित्रकूट विधानसभा से तीन बार विधायक निर्वाचित हुए प्रेम सिंह का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। मंगलवार को उनकी अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि साफ, स्वच्छ, बेदाग छवि के धनी प्रेम सिंह जीवन र्पयत जनता की सेवा में लगे रहे और सेवा करते-करते ही दुनिया से चले गए।
प्रेम सिंह को विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, सांसद गणेश सिंह व नागेंद्र सिंह, विधायक शंकरलाल तिवारी, नारायण त्रिपाठी, यादवेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री सईद अहमद ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
dharmpath.com dharmpath