ओडिशा में राधा मोहन पर अंडे

भुवनेश्वर, 10 जून (आईएएनएस)। युवा कांग्रेस की ओडिशा इकाई के सदस्यों ने मध्य प्रदेश में गोलीबारी में किसानों के मारे जाने के विरोध में शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के वाहन पर अंडे फेंके।

कृषि मंत्री पर अंडों से हमला तब किया गया, जब वह यहां राज्य अतिथिशाला से खुर्दा जिले के जतानी जा रहे थे। केंद्रीय मंत्री ‘सबका साथ, सबका विकास’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए ओडिशा के दौरे पर हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश में पुलिस की गोलीबारी में छह किसानों के मारे जाने के विरोध में काले झंडे भी दिखाए और विरोध-प्रदर्शन किया।

घटना के बाद, पुलिस कमिश्नरी ने एक प्राथमिकी दर्ज की और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें राज्य युवा कांग्रेस के अध्यक्ष लोकनाथ महारथी भी शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त वाई.बी.खुरानिया ने कहा कि राजधानी की पुलिस ने एक मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रदीप माझी ने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया।

माझी ने कहा, “अंडों से हमला उन्हें उनकी गलती का अहसास कराने के लिए किया गया, ताकि ओडिशा तथा देश के अन्य हिस्सों के किसानों की समस्याओं का समाधान हो।”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि अंडों से हमला सत्ताधारी बीजू जनता दल (बीजद) के आदेश पर किया गया, क्योंकि देश भर में हाशिये पर जाने के बाद कांग्रेस में उतनी ताकत नहीं बची है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493