भोपाल, 17 जुलाई (आईएएनएस)। देश का नए राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में भी मतदान जारी है। विधानसभा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विधानसभा के समिति कक्ष क्रमांक दो को मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान कक्ष के बाहर विधायकों की कतार लगी हुई है। सभी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद और कांग्रेस तथा 17 विपक्षी दलों की उम्मीदवार मीरा कुमार हैं।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए कांग्रेस ने विधायक बाला बच्चन को पोलिंग एजेंट बनाया है, वहीं भाजपा ने यह जिम्मेदारी मंत्री विश्वास सारंग को सौंपी है।
राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर विधानसभा परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पासधारकों को भी फोटो युक्त परिचय-पत्र दिखाने पर ही विधानसभा के भीतर प्रवेश दिया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath