मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से इंडिया-यूएस संबंधों के नए युग की शुरुआत हुई है और उप्र की सुदृढ़ अर्थव्यवस्था इंडिया-यूएस संबंधों को और मजबूत करने में बैकबोन का काम करेगी।” मुख्यमंत्री से सोमवार को यहां शास्त्री भवन में यूएस-इंडिया स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप फोरम के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की।
बोइंग इंडिया के अध्यक्ष प्रत्यूष कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के आर्थिक विकास हेतु उठाए गए कदमों की प्रशंसा की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राज्य में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, फार्मास्युटिकल, जल संचयन, स्वच्छता, ग्राम्य विकास, अपशिष्ट प्रबंधन, कृषि, दुग्ध विकास, पशुधन विकास, स्मार्ट सिटी, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी, यातायात, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निवेश करने में अपनी रुचि प्रदर्शित करते हुए प्रदेश सरकार से सहयोग किए जाने का गुजारिश की।
योगी ने कहा, “उप्र एक बहुत बड़ा राज्य है। यहां सभी क्षेत्रों में निवेश व कारोबार की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में ऊर्जा, बुनियादी ढांचे का विकास, स्मार्ट सिटी का विकास, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, नवीकरणीय ऊर्जा आदि क्षेत्रों में वृहद अवसर मौजूद हैं। अमेरिका की कंपनियों द्वारा प्रदेश में निवेश किए जाने से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश सरकार ने निवेशकों एवं उद्यमियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में एक सिंगल विंडो सिस्टम स्थापित किया है। इससे निवेशकों को कई कार्यालयों के स्थान पर एक ही कार्यालय में समयबद्ध ढंग से निवेश संबंधी सुविधाएं एवं अनुमतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।”
उन्होंने कहा, “राज्य में पूर्वाचल एवं बुंदेलखंड दो नए एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं। दोनों ही एक्सप्रेस-वे के साथ औद्योगिक गलियारा भी बनाया जाएगा। राज्य के तीन नगरों-लखनऊ, गाजियाबाद एवं नोएडा में मेट्रो रेल के विस्तार का कार्य संचालित है। जल्द ही तीन अन्य शहरों में भी मेट्रो रेल का कार्य शुरू हो जाएगा।”
मुख्य सचिव राजीव कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्प है।
प्रतिनिधिमंडल में अमेरिकी दूतावास के हेड ऑफ नॉर्थ इंडिया ऑफिस एरियल पोलॉक, यूएसटीडीए के कंट्री मैनेजर-साउथ एशिया एंड मिडिल ईस्ट हेथर लैनिंगन, यूएसटीडीए के इंडिया रिप्रिजेंटेटिव मेनहाज अंसारी सहित अज्योर पावर के सीईओ इन्द्रप्रीत वाधवा, कारगिल इण्डिया के चेयरमैन सिराज चौधरी, मास्टर कार्ड के वाइस प्रेसिडेंट-पब्लिक पॉलिसी रोहन मिश्रा, कोका कोला इंडिया के डायरेक्टर-पब्लिक पॉलिसी चन्द्रमोहन गुप्ता सहित कई गणमान्य शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath