बिहार : बेटे ने दिल्ली से फोनकर शराबी पिता को गिरफ्तार करवाया

आरा, 6 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में शराबबंदी के बाद अब घर के लोग भी अपने शराबी रिश्तेदारों को गिरफ्तार करवाने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में सामने आया, जब एक बेटा ने घर में हंगामा कर रहे अपने ही शराबी पिता को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार करवा दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोप है कि बभनियाव गांव में रहने वाले सेवा निवृत्त सैनिक राम बिहारी सिंह अक्सर शराब पीकर घर में हंगामा करते थे और लोगों से मारपीट करते थे। इसी क्रम में वह मंगलवार की रात के दो बजे शराब पीकर हंगामा करने लगे और विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट करने लगे थे।

इससे तंग आकर परिजनों ने इसकी सूचना दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहे उनके बेटे बिट्टू सिंह को फोन कर दे दी। बिट्टू ने तत्काल इसकी सूचना जगदीशपुर थाने को दी। जगदीशपुर पुलिस ने बिना समय गंवाए शराब पीकर हंगामा कर रहे राम बिहारी सिंह को घर से गिरफ्तार कर लिया।

जगदीशपुर के थाना प्रभारी बी़ एऩ चौधरी ने बुधवार को बताया कि आरोपी की सदर अस्पताल में चिकित्सीय जांच कराई गई, जहां उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस उनसे यह जानने का प्रयास कर रही है कि उन्हें शराब कहां से उपलब्ध हुई थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल अप्रैल महीने से ही बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। हालांकि चोरी-छिपे शराब अब भी बेचे जा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493