नवादा, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के रोह प्रखंड में उचित तरीके से सड़क न बनाए जाने पर आक्रोशित लोगों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने प्रखंड कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और अंचल अधिकारी (सीओ) के एक वाहन में आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार, समरीगढ़ गांव के लोग रोह अंचल कार्यालय के समीप सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि समराइन पइन (शाखा नहर) के नजदीक बनने वाली सड़क को दूसरे तरीके से बनाया जाए। आरोप है कि इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्व रोह अंचलाधिकारी (सीओ) की गाड़ी में आग लगा दी और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की।
इसके बाद पुलिस को हालत पर काबू पाने के हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। नवादा के पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हो रहे एक सड़क निर्माण के दौरान पइन की भराई के काम को लेकर यह विवाद हुआ।
उन्होंने बताया कि इस मामले में हंगामा कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। क्षेत्र में तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath