हिमाचल : जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली (लीड-1)

शिमला, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। जयराम ठाकुर ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के अन्य नेता शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने ठाकुर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

जयराम ठाकुर छह जनवरी को 53 वर्ष के हो रहे हैं। वह पहली बार मुख्यमंत्री बने हैं।

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हुए इस समारोह में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ ही केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा और नितिन गडकरी भी मौजूद थे। समारोह में राज्य के 30,000 से ज्यादा पार्टी समर्थक भी मौजूद थे, जिन्होंने पारंपरिक पोशाक पहन रखी थी।

भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी भी समारोह में मौजूद थे। पांच बार के विधायक जयराम ठाकुर को जमीनी नेता के तौर पर पहचाना जाता है और उन्होंने हिंदी में शपथ ली।

ठाकुर की 80 वर्षीय विधवा मां समेत परिवार के अन्य सदस्य भी समारोह में मौजूद थे। उनकी माता मंडी जिले के एक दूरस्थ गांव में रहती हैं।

ठाकुर की पत्नी ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले कहा, “यह एक आम आदमी की जीत है।”

उनकी पत्नी पेशे से प्रोफेसर हैं।

शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों में पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहिंदर सिंह, किशन कपूर, सरवीन चौधरी एवं अनिल शर्मा, पूर्व मंत्री राम लाल मार्कंडे और सुरेश भारद्वाज, विपिन सिंह परमार, वीरेंद्र कंवर, विक्रम ठाकुर, गोविंद ठाकुर और राजीव सहगल जैसे नए चेहरे भी शामिल थे।

कैबिनेट में सरवीन चौधरी अकेली महिला हैं।

भारद्वाज और गोविंद ठाकुर को छोड़कर सभी मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। भारद्वाज और ठाकुर ने संस्कृत में शपथ ली।

वरिष्ठ विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजीव बिंदल, नरेंद्र ब्रगटा और रमेश धवला को कैबिनेट में जगह नहीं मिल पाई।

भाजपा ने पिछले हफ्ते राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में 44 सीटें जीती थी।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके मंत्रिमंडल के साथी समारोह में अनुपस्थित रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493