अगरतला, 15 मार्च (आईएएनएस)। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार को 16 सदस्यीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक दल का नेता चुना गया है। पार्टी सूत्रों ने गुरुवार को कहा कि नेता चुने जाने के बाद विधानसभा में उनका नेता विपक्ष बनना तय माना जा रहा है।
माकपा नेता हरिपद दास ने कहा, “पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बादल चौधरी को उपनेता चुना गया है।”
दास ने कहा कि नवनिर्वाचित माकपा विधायकों ने बुधवार रात पूर्व शिक्षा मंत्री तपन चक्रवर्ती को मुख्य व्हिप और प्रभात चौधरी को उपमुख्य व्हिप चुना।
राज्य में 18 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में माकपा को 16 सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी इंडीजेनस पीपुल्स फ्रंट ने 44 सीटें जीती हैं। भाजपा ने अकेले 36 सीटों पर कब्जा जमाया है।
आज (गुरुवार को) चारिलाम सीट से निर्वाचित घोषित किए गए उप मुख्यमंत्री जिष्णु देबबर्मा को छोड़कर बाकी सभी विधायकों ने गुरुवार को शपथ ली। विधानसभा सचिव बामदेब मजूमदार ने बताया कि जिष्णु देबबर्मा शुक्रवार को शपथ लेंगे।
dharmpath.com dharmpath