उप्र में शराबबंदी के लिए जनांदोलन की जरूरत : मंत्री राजभर

लखनऊ /बलिया, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को कहा कि बिहार की तरह ही उप्र में भी शराबबंदी पर पूर्ण पाबंदी लगनी चाहिए और इसके लिए जनांदोलन की जरूरत है।

बलिया में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा, “बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी शराब की पूर्णबंदी हो। इसके लिए 20 मई को बलिया से शराबबंदी के खिलाफ महाजनांदोलन करने की तैयारी की गई है। इस जनांदोलन में आप सबकी सहभागिता जरूरी है।”

राजभर गुरुवार को मार्टिनगंज तहसील के कुरियवा गांव में सुहेलदेव भासपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी के खिलाफ महाजनांदोलन की शुरुआत करने की जरूरत है। 20 मई को बलिया में 50 हजार लोगों की उपस्थिति में इस महाजनांदोलन की तैयारी की जा रही है। 20 मई को इसकी शुरुआत की जाएगी। उसके बाद जून में मऊ व आजमगढ़ में भी इसी तरह का आयोजन किया जाएगा।

राजभर ने कार्यकर्ताओं से कहा, “हम आप गरीबों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें आपके सहयोग की जरूरत है।”

इस मौके पर प्रहलाद राजभर, सदरे आलम आजमी, महेंद्र राजभर, बेचन राजभर, सुरेश, शिवपूजन, हरिराम राजभर, रामनवमी, वंशराज राजभर, पन्नालाल, अखिलेश, रीता, कमलावती, सोना, सुशील गुप्ता आदि मौजूद रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493