हाजीपुर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना से गुस्साए लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जामकर प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार, घटारो गांव की रहने वाली प्रिया रानी (19) दोपहर अपने भाई के साथ एक मोटसाइकिल पर सवार होकर हाजीपुर से अपने गांव लौट रही थी। मनुआ गांव के पास एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने छात्रा को गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि मृतका की सगाई एक महीने पहले ही हुई थी। छात्रा की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने जमकर बवाल काटा और हाजीपुर-लालगंज रोड को जाम कर दिया। जाम छुड़ाने पहुंची पुलिस पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।
वैशाली के सहायक पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है।
ऐसी घटनाओं पर पहले कहा जाता था कि बिहार में जंगलराज है, लेकिन ऐसा कहने वाले अब पिछले दरवाजे से सत्ता में पहुंच गए हैं। वैसे, यह घटना ‘जंगलराज पार्ट-3’ का नमूना है।
dharmpath.com dharmpath