बेंगलुरु, 13 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी.एस. येदियुरप्पा ने रविवार को कहा कि प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को स्पष्ट जनादेश मिलेगा।
येदियुरप्पा ने कर्नाटक में त्रिशंकु विधानसभा होने के कयासों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा।
मतदान के एक दिन बाद उन्होंने न्यूज 18 के साथ बातचीत में कहा, “मैंने विभिन्न चैनलों पर एग्जिट पोल के नतीजे देखे हैं। भाजपा मंगलवार को बहुमत हासिल करेगी और कांग्रेस कर्नाटक की सत्ता से बाहर हो जाएगी। किसी के साथ गठजोड़ करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है।”
पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा, “हमें 130 सीटें मिलेंगी और कांग्रेस 70 भी नहीं पार कर पाएगी। जेडीएस 25 सीट तक ले जाएगी और तीन-चार सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में जाएंगी।”
उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के बाद भाजपा के घोषणापत्र में किए वादे के मुताबिक वह कर्ज माफ करेंगे।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उनका कार्यकाल समाप्त हो गया और वह दोनों जगहों से हार जाएंगे। सिद्धारमैया दो जगहों, चामुंडेश्वरी और बदामी से चुनाव मैदान में हैं।
ज्यादातर एग्जिट पोल में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर रहने की की संभावना जताई गई है और जनता दल सेक्युलर के किंगमैकर के रूप में उभरने का कयास लगाया जा रहा है। चुनाव परिणाम मंगलवार को आएंगे।
dharmpath.com dharmpath