लोकसभा : राफेल मामले में हंगामा, कार्यवाही थोड़ी देर के लिए रुकी (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में गुरुवार को राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर कांग्रेस सांसदों ने हंगामा किया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही तीन बार थोड़ी-थोड़ी देर के लिए स्थगित करनी पड़ी।

अपरान्ह एक बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल को सदन में तीन विधेयकों को पेश करने को कहा।

जब गोयल एकीकृत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिनियम, 2017 में संशोधन, केंद्रशासित प्रदेश जीएसटी अधिनियम, 2017 में संशोधन और जीएसटी (राज्यों को मुआवजा) अधिनियम, 2017 में संशोधन को पेश करने के लिए खड़े हुए, कांग्रेस के सदस्यों ने नारा लगाना शुरू कर दिया।

हंगामे के बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अपराह्न् दो बजे तक स्थगित कर दी।

इससे पहले, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने शून्यकाल में यह मामला उठाया और कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया गया है। सरकार फ्रांस के साथ हुए राफेल करार मामले में देश को गुमराह कर रही है।

खड़गे ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में प्रति विमान 526 करोड़ रुपये का करार किया गया था।

उन्होंने कहा, “लेकिन, अब विमान की कीमत तीन गुना बढ़कर 1600 करोड़ रुपये प्रति विमान हो गई है।”

उन्होंने कहा, “राफेल 45,000 करोड़ रुपये का देश का सबसे बड़ा घोटाला है। हम इस मामले में संयुक्त संसदीय समिति गठित करने की मांग करते हैं।”

खड़गे के बयान के बाद कांग्रेस के सभी नेता तख्तियां लेकर लोकसभा अध्यक्ष के आसन के समक्ष पहुंच गए जिन पर ‘लोगों और सदन को गुमराह करना बंद करो’ और ‘राफेल पर जेपीसी गठित करो’ लिखा था।

इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन की कार्यवाही 20 मिनट के लिए अपरान्ह दोपहर एक बजे तक स्थगित कर दी।

लोकसभा की कार्यवाही इससे पहले भी प्रश्नकाल के दौरान 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई थी, जब तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (टीआरएस) के सदस्यों ने राज्य में रक्षा भूमि के आवंटन की मांग को लेकर हंगामा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493