मप्र में जनता से जबरन चंदा वसूल रही भाजपा : कांग्रेस

भोपाल, 12 अगस्त(आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जनता से चुनावी चंदा लेने पर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि भाजपा राज्य में जनता पर दबाव डालकर चंदा वसूल रही है।

अजय सिह ने रविवार को जारी एक बयान में जनता से, विशेषकर व्यवसायी वर्ग से अपील की है कि वे भाजपा को कोई चंदा न दें, क्योंकि वे उनके ही वोटों से सत्ता में बैठे हैं और जीतने के बाद उन्होंने (भाजपा नेताओं) जनता द्वारा कर के रूप में दिए करोड़ों रुपयों का घोटाला किया है।

उन्होंने कहा, “घोटालों और भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी भाजपा सरकार ने विकास की राशि में न केवल अरबों रुपये का घोटाला किया, बल्कि व्यापमं जैसे महाघोटाले कर प्रदेश के छात्र-छात्राओं से करोड़ों रुपये वसूले। इसके अलावा डीजल, पेट्रोल पर वैट सहित अन्य करों के जरिए जनता से करोड़ों रुपये कमाने वाली सरकार को अब भी सुकून नहीं मिला तो वह चुनावी चंदे के बहाने जनता की जेब में डाका डालने जा रही है।”

उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार सत्ता के रसूख का इस्तेमाल कर डरा-धमकाकर चंदा वसूली कर रही है।

सिह ने जनता से कहा है कि अगर भाजपा चंदा वसूली करती है तो वे कांग्रेस को बताएं, कांग्रेस जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493