उप्र : लापता छात्रा का शव बरामद, दुष्कर्म की आशंका

हमीरपुर, 13 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के मसगांव गांव में पिछले चार दिनों से घर से लापता बारहवीं की छात्रा का शव पुलिस ने मंगलवार शाम को गांव के ही एक खंडहर से बरामद किया।

पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बुधवार को कहा कि मसगांव गांव की बलवीर यादव की बेटी कामिनी (19) का सड़ा-गला अर्धनग्न शव जच्चा-बच्चा केंद्र (एएनएम सेंटर) के बगल के एक खंडहर मकान के मलबे में ईंटों से दबा हुआ मंगलवार की शाम बरामद किया गया।

छात्रा अपने घर से आठ मार्च को रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी।

उन्होंने कहा कि लड़की के पिता ने दस मार्च को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लड़की ने हाल ही में बारहवीं की परीक्षा पीएनबी इंटर कॉलेज से दी थी।

संतोष कुमार सिंह ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अज्ञात बदमाशों ने पहले उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की होगी और राज खुलने के भय से उसकी हत्या कर शव ईंटों में दबा दिया होगा।

सिंह ने बताया कि फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धारा (302) और शव छिपाने की धारा (201) के तहत मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493