पाकिस्तान छद्म युद्ध को बढ़ावा दे रहा : जनरल सुहाग (लीड-1)

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान, जम्मू एवं कश्मीर में भारत के खिलाफ छद्म युद्ध को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा पर सक्रियता के कारण सुरक्षा चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं।

जनरल सुहाग ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पाकिस्तान अपने देश में आतंकवादी घटनाओं का शिकार होने के बावजूद जम्मू एवं कश्मीर में छद्म युद्ध को बढ़ावा दे रहा है।”

सेना दिवस से पहले सालाना संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जनरल दलबीर सिंह ने कहा कि चीन के साथ सीमा पर माहौल शांतिपूर्ण है और विश्वास बहाली के उपायों को लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में हाल के आतंकवादी हमलों से स्पष्ट है कि पाकिस्तान में आतंकवादियों के प्रशिक्षण शिविर आज भी चल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अपने देश में जनहानि से जूझने के बावजूद पाकिस्तान जम्मू एवं कश्मीर में छद्म युद्ध को बढ़ावा दे रहा है। आतंकवादियों द्वारा किए गए हाल के हमले उनकी हताशा को प्रदर्शित करते हैं। इससे यह भी पता चलता है कि आज भी सीमा पर आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं।”

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन नियंत्रण रेखा से जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा की ओर स्थानांतरित हो गया है।

उन्होंने कहा, “नियंत्रण रेखा पर आतंकवाद-रोधी तंत्र बेहद मजबूत है। अब हमारा ध्यान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर केंद्रित है।”

एक अन्य सवाल के जवाब में सेना प्रमुख ने कहा कि सीमा पर गोलीबारी का जवाब देने के लिए भारतीय सेना के कमांडर स्वतंत्र हैं।

जनरल सुहाग ने कहा कि सीमा पर सक्रियता के कारण चुनौतियां बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा, “सेना तैयार है, अच्छी तरह प्रशिक्षित है, प्रेरित, सुसज्जित है और राष्ट्रहित उसका एक मात्र उद्देश्य है। साथ ही रास्ते में आने वाले किसी भी खतरे से लोहा ले सकती है।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493