लोक निर्माण विभाग ने 5540 करोड़ की कार्य-योजना को दी सैद्धांतिक मंजूरी

भोपाल :

 

मध्यप्रदेश में सड़क यातायात सुगम बनाने के लिये आगामी 5 वर्ष में भोपाल में 5, इंदौर में 6, ग्वालियर, जबलपुर और छिन्दवाड़ा में दो-दो फ्लॉय ओव्हर का निर्माण किया जायेगा। इसके अलावा 457 पुल बनाये जाएंगे। इनके लिये 5540 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि पाँच वर्ष में 400 वृहद एवं मध्यम पुल, राज्यभर की रेलवे क्रॉसिंग पर 55 रेलवे ओव्हर ब्रिज और 17 फ्लॉय ओव्हर का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कार्य-योजना में वृहद एवं मध्यम पुल के लिये 2 हजार करोड़, फ्लॉय ओव्हर के लिये 1940 करोड़ और 55 रेलवे ओव्हर ब्रिज के लिये 1600 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है।

भोपाल में बनेंगे 5 फ्लॉय ओव्हर

भोपाल में 5 फ्लॉय ओव्हर ब्रिज प्रस्तावित किये गये हैं। पहला 1500 मीटर लम्बा फ्लॉय ओव्हर ब्रिज जवाहर चौक से काटजू अस्पताल, रंगमहल चौराहा, रोशनपुरा चौराहा होते हुए राजभवन चौराहे तक 100 करोड़ की लागत से तैयार किया जायेगा। दूसरा 2 हजार मीटर लम्बा लाल घाटी से बैरागढ़ होते हुए भैसाखेड़ी जोड़ तक 160 करोड़ की लागत से तैयार किया जायेगा। तीसरा 3 हजार मीटर लम्बा ब्रिज हमीदिया रोड पर काली मंदिर, तलैया से भारत टॉकीज, रेलवे स्टेशन तिराहा, नादरा बस स्टैण्ड, भोपाल टॉकीज चौराहा होते हुए शाहजहाँनाबाद थाने तक 200 करोड़ की लागत से बनाया जायेगा। चौथा 2 हजार मीटर लम्बा जयश्री बीडकर अस्पताल के सामने रेतघाट से कर्फ्यू वाली माता मंदिर के सामने से होते हुए हमीदिया एवं जीपीओ पोस्ट-ऑफिस तक 120 करोड़ के व्यय से बनाया जायेगा। पाँचवां 1350 मीटर लम्बा फ्लॉय ओव्हर ब्रिज रोशनपुरा चौराहा से बाणगंगा चौराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा से होते हुए एमएलबी कॉलेज चौराहे तक 90 करोड़ की लागत से बनाया जायेगा।

इंदौर में बनेंगे 6 फ्लॉय ओव्हर ब्रिज

इंदौर शहर में 6 फ्लॉय ओव्हर ब्रिज प्रस्तावित किये गये हैं। पहला 6-लेन 590 मीटर लम्बा एम.आर.-10 से स्टार चौराहा, विजय नगर चौराहा के मध्य रेडीसन चौराहे तक 40 करोड़ लागत से बनाया जायेगा। दूसरा 546 मीटर लम्बा 6-लेन फ्लॉय ओव्हर रिंग रोड से रोबोट चौराहा के मध्य खजराना चौराहे तक 35 करोड़ से बनेगा। तीसरा 1170 मीटर लम्बा 4-लेन फ्लॉय ओव्हर ब्रिज रिंग रोड पर राजीव गाँधी चौराहे से तीन इमली चौराहे के मध्य विजय नगर चौराहे तक 55 करोड़ खर्च कर बनाया जाएगा। इन्दौर में 540 मीटर लम्बा पाँचवां फ्लॉय ओव्हर ब्रिज ए.बी. रोड पर एम.वाय. तिराहे से गीता भवन चौराहे के मध्य शिवाजी वाटिका चौराहे तक 25 करोड़ की लागत से बनेगा। छठवाँ 700 मीटर लम्बा फ्लॉय ओव्हर पुराने ए.बी. रोड, पलासिया चौराहे पर 35 करोड़ से बनाया जायेगा।

ग्वालियर में बनेंगे दो फ्लॉय ओव्हर

ग्वालियर में 2 फ्लॉय ओव्हर प्रस्तावित किये गये हैं। पहला फ्लॉय ओव्हर 1050 मीटर लम्बाई का शिंदे की छावनी (नदी गेट) से रामदास घाटी तक प्रस्तावित किया गया है। इसके निर्माण पर 50 करोड़ खर्च होंगे। दूसरा फ्लॉय ओव्हर हजीरा चौराहा (इंटक मैदान) से चार शहर का नाका (आईआईआईटीएम मार्ग) तक प्रस्तावित किया गया है। इसकी लम्बाई 1350 मीटर होगी और निर्माण पर 61 करोड़ खर्च होंगे।

जबलपुर में बनेगा आरओबी

जबलपुर में एक आरओबी और एक फ्लॉय ओव्हर को 4-लेन में परिवर्तित किया जाना प्रस्तावित है। आरओबी का निर्माण जीएडी योजना क्रमांक-41 से 31, धनवंतरी नगर, कछपुरा तक किया जायेगा। यह 4-लेन का होगा। इसके निर्माण पर 90 करोड़ खर्च होंगे। शहर में गोरखपुर आदिशंकर चौक, पुराना बस स्टैण्ड मार्ग पर निर्मित शास्त्री ब्रिज को 2-लेन से 4-लेन किया जायेगा। इस पर 125 करोड़ खर्च किया जाना प्रस्तावित है।

छिन्दवाड़ा में बनेगा फ्लॉय ओव्हर आरओबी प्रस्तावित

छिन्दवाड़ा शहर में एक फ्लॉय ओव्हर और एक आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है। फ्लॉय ओव्हर शहर में सिवनी रोड रेलवे आरओबी से ईएलसी चौक नागपुर रोड तक बनेगा। इसकी लम्बाई 5 हजार मीटर और लागत 650 करोड़ रुपये होगी। छिन्दवाड़ा-तामिया रोड पर 800 मीटर लम्बा आरओबी बनाया जायेगा। इसके निर्माण पर 64 करोड़ खर्च होंगे।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493