ओबामा सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये देखेंगे भारत की विविधता

नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे पर आने के बाद रविवार को उनके सम्मान में राष्ट्रपति भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य देश की सांस्कृतिक, कलात्मक एवं पारंपरिक ‘विविधता’ को प्रदर्शित करना है।

ओबामा पत्नी मिशेल के साथ गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले रविवार को भारत के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं।

उनके आतिथ्य-सत्कार में इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक संस्था ‘शहर’ ने किया है।

‘शहर’ संस्था के संस्थापक और निदेशक संजीव भार्गव ने एक बयान में कहा, “भारत विशेष रूप से संस्कृति और भाषाओं की अपनी भव्य और लोकप्रिय विभिन्नता से संपन्न है। यही विभिन्नता भारत को विशिष्ट बनाती है और हम इसे भारत के ऐतिहासिक दौरे पर आने वाले गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहते हैं।”

ओबामा अमेरिका के पहले राष्ट्रपति हैं, जो अपने कार्यकाल के दौरान दूसरी बार भारत की यात्रा करने जा रहे हैं। इससे पहले वह 2010 में भारत आ चुके हैं। ‘शहर’ ने 2010 में भी ओबामा के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया था।

इस बार कार्यक्रम की शुरुआत प्राचीन ऋग्वेद की स्तुति के साथ होगी। इसके बाद प्रत्येक शैली के नृत्य की छोटी-छोटी प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की पांच विधाओं को दिखाया जाएगा, जिसमें कत्थक, मणिपुरी, ओड़िसी, भारतनाट्यम और कत्थककली शामिल हैं।

नृत्यांगना माधवी मुद्गल द्वारा निर्देशित इस नृत्य प्रस्तुति को युवा और प्रतिभाशाली नर्तक पेश करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493