शहडोल- केशवाही थाना क्षेत्र के बलबहरा गांव में मंगलवार रात एक पुराने जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों राकेश उर्फ सोनू तिवारी और राहुल तिवारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफ आक्रोश दिखाई दे रहा है। गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह नेशनल हाईवे-43 पर चक्काजाम कर दिया।
हाईवे जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जिलाधिकारी (DM) मौके पर आए और सीधे उनसे बात करें। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे और कोतवाली थाना प्रभारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी स्थल पर मौजूद हैं।
मंगलवार रात जमीन विवाद के चलते दो सगे भाइयों राकेश उर्फ सोनू तिवारी और राहुल तिवारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक दीपावली के मौके पर अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान पर दीप जलाने गए थे तभी गांव के करीब एक दर्जन आरोपी हथियारों और लाठी-डंडों के साथ दुकान में घुस आए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया और पीट पीट कर उन्हें मार दिया।
पुलिस ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा और उनके साथी धनेश शर्मा, नयन पाठक, नीलेश कुशवाहा सहित अन्य आरोपी अब तक सरेंडर कर चुके हैं। तिवारी और शर्मा परिवार के बीच यह जमीन विवाद साल 2021 से चल रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर फॉरेंसिक और तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
dharmpath.com dharmpath