नई दिल्ली– एनसीआर क्षेत्र में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विभाग ने दो दिन बाद से हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, 21 अप्रैल को एनसीआर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. इन दिनों आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. 22 अप्रैल से मौसम का मिजाज और अधिक गर्म हो जाएगा. इस दिन तापमान बढ़कर 42 डिग्री/22 डिग्री तक पहुंच सकता है और पूरे दिन हीट वेव का प्रभाव रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 22 अप्रैल को लू चलने की संभावना है. 23 और 24 अप्रैल को भी स्थिति में सुधार की उम्मीद नहीं है. इन दिनों अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री तक रह सकता है. 24 अप्रैल को नमी (ह्यूमिडिटी) भी बढ़कर 70 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है.
महाराष्ट्र में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. 21- 22 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. पश्चिम महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, खानदेश, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में दोपहर के बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ बारिश होने के आसार हैं. पश्चिम महाराष्ट्र के पुणे विभाग, मराठवाड़ा के दक्षिणी हिस्सों और छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्र के साथ-साथ विदर्भ के अमरावती विभाग में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की जा सकती है. हालांकि 22 अप्रैल तक पहुंचते-पहुंचते आंधी-तूफान की तीव्रता और प्रभावित क्षेत्रों में कमी आने के संकेत हैं.
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है. आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2–3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. 23 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर उत्तर भारत के मौसम पर भी पड़ सकता है. भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने, हल्की बारिश और 10–12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. दिन का तापमान करीब 39 डिग्री और रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
dharmpath.com dharmpath