नई दिल्ली-गर्मी ने अप्रैल में ही लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया है. मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार जाने लगा है. राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और दिल्ली में कई जगह पारा 44°C पार पहुंच गया है. सुबह 11 बजे के बाद ही गर्म हवाएं चलने लगी हैं. वहीं, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर भारत के कुछ स्थानों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है.
गर्मी का सितम इतना है कि मध्य प्रदेश के भोपाल में पहली बार रात में लू चलने की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर समेत 16 जिलों में लू चलने के आसार हैं. दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में प्रयागराज में 44.4°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा, गर्मी को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है. झारखंड में भी आज से स्कूलों के समय में बदलाव किया है. वहीं, महाराष्ट्र के गोंदिया और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को पारा 43°C दर्ज हुआ. दोनों ही राज्यों में दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में काम करने पर रोक लगा दी गई है. ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के काम के घंटे बदलकर सुबह 6 से 11 और शाम 4 से 8 बजे कर दिए गए हैं.
- IMD के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 25 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है.
- इस दौरान असम और मेघालय में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है.
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है.
dharmpath.com dharmpath