नई दिल्ली-ई रिक्शा चालकों के लिए परेशानी का कारण बने तीन मोबाइल ऐप्स के खिलाफ केंद्र सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आईटी मंत्रालय ने BAT-BMS, लॉसिजी (Losigy) और इपोच ली आयन (EPOCH Li-ion) ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। इन ऐप्स के जरिए कुछ लोग ब्लूटूथ के माध्यम से ई रिक्शा की बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) से कनेक्ट होकर चलते वाहन की बैटरी बंद कर रहे थे। जिससे सड़क पर अचानक ई रिक्शा रुकने की घटनाएं सामने आ रही थी। हालांकि, मंत्रालय के आदेश के बावजूद ये ऐप्स फिलहाल प्ले स्टोर पर उपलब्ध हैं।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए थे जिनमें कुछ लोग मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर चलते हुए ई रिक्शा को अचानक बंद करते दिखाई दिए। शिकायतों के बाद मामले की जांच हुई तो पता चला कि कई लीथियम आयन बैटरियों के ब्लूटूथ आधारित बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम में पर्याप्त सुरक्षा नहीं थी। कमजोर या बिना पासवर्ड वाले बीएमएस से कोई भी व्यक्ति सीमित दूरी के भीतर मोबाइल ऐप के जरिए कनेक्ट होकर बैटरी को नियंत्रित कर सकता था।
dharmpath.com dharmpath