जबलपुर-मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित ग्वारीघाट में शुक्रवार को नर्मदा नदी में पेट्रोलिंग कर रही होमगार्ड की मोटरबोट अचानक डूब गई। नाव में करीब 8 जवान सवार थे। जबकि, उसकी निर्धारित क्षमता सिर्फ 4 लोगों की बताई गई है। इंजन में खराबी आने के बाद बोट में पानी भरने लगा था। राहत की बात यह रही कि सभी जवान सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यह घटना उस समय हुई जब बरगी बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के घाटों पर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया था। इसी के तहत होमगार्ड की टीम को ग्वारीघाट क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए तैनात किया गया था। नदी के बीच तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचने के दौरान मोटरबोट के इंजन में अचानक खराबी आ गई। कुछ ही देर में नाव में पानी भरने लगा और वह डूबने लगी।
बोट के संकट में आने के बाद जवानों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ जवानों ने तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। जबकि, अन्य को आसपास मौजूद स्थानीय नाविकों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी जवान लाइफ जैकेट पहने हुए थे। जिससे उन्हें बचाने में मदद मिली।
dharmpath.com dharmpath