नन दुष्कर्म : अपराधियों की गिरफ्तारी में जनता से मदद की अपील

कोलकाता, 15 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के. एन. त्रिपाठी ने रविवार को जनता से अपील की कि नादिया जिले के एक कान्वेंट में एक 70 वर्षीय नन के साथ दुष्कर्म करने वालों की गिरफ्तारी में सहयोग करें।

त्रिपाठी ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का वादा किया।

उल्लेखनीय है कि कोलकाता से 80 किलोमीटर दूर नादिया जिला स्थित राणाघाट कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मेरी में शुक्रवार रात डकैतों के एक गिरोह ने धावा बोला और एक नन के साथ दुष्कर्म की हिंसक घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद राज्य में जनता के बीच रोष व्याप्त हो गया।

त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया, “राज्य सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी।”

उन्होंने कहा, “प्रशासन अपराधियों को गिरफ्तार कर जरूर सजा देगा। मुझे लगता है कि लोगों को आगे आकर दोषियों को पकड़वाने में पुलिस की मदद करनी चाहिए।”

पुलिस ने अपराधियों में से चार की तस्वीरें जारी की है, जो सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से ली गई है और उनके बारे में किसी भी प्रकार की सूचना देने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की भी घोषणा की है।

मामले में पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को मामले की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (सीआई) को सौंप दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का वादा किया।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सुनंदा मुखर्जी रविवार को कान्वेंट पहुंचीं और स्कूल प्रशासन एवं दूसरे सदस्यों से बातचीत की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493