मप्र में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा : शिवराज

भोपाल, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं है, इसे बढ़ावा देने से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। राज्य सरकार सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगी।

राजधानी भोपाल में मंगलवार की रात को सैर सपाटा पर्यटन स्थल में मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश पर्यटन वर्ष 2015-16 का शुभारम्भ करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं का दोहन रोजगार के अवसर निर्मित करने, अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों में प्रसन्नता का स्तर बढ़ाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार निर्माण की असीम सम्भावनाएं हैं। प्रदेश को सिर्फ ब्रांडिंग और मार्केटिंग की जरूरत है। पर्यटन का विकास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।

चौहान ने कहा कि हेरिटेज टूरिज्म के साथ सांस्कृतिक पर्यटन को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाएगा। राज्य के पर्यटन स्थलों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सबसे ज्यादा पर्यटन स्थलों वाला प्रदेश है। राष्ट्रीय उद्यानों में बरसात में भी बफर जोन में पर्यटन की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। वन्य प्राणियों को पास से देखने की योजना पर भी विचार चल रहा है।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र पटवा ने बताया कि प्रदेश में पर्यटकों की संख्या छह करोड़ 30 लाख तक हो गई है। इसे 10 करोड़ तक बढ़ाने का लक्ष्य है। पर्यटन प्रबंधन और प्रोत्साहन के क्षेत्र में प्रदेश को अब तक 61 राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार मिले हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने पर्यटन वर्ष का कलेंडर जारी किया। भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समय-सारणी और नर्मदा दर्शन का टूर पैकेज भी जारी किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493