सिलचर : मदर टेरेसा की प्रतिमा दोबारा लगाने से इंकार

सिलचर (असम), 15 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले सिलचर नगरपालिका समिति के अध्यक्ष निहारेंद्र नारायण ठाकुर ने कहा है कि समिति के कार्यालय में मदर टेरेसा की प्रतिमा दोबारा नहीं लगेगी। हाल में उन्होंने टेरेसा की प्रतिमा को कार्यालय से हटवा दिया था, जिसपर काफी बवाल मचा था।

ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, “जब तक मैं समिति का अध्यक्ष हूं, मदर टेरेसा की प्रतिमा दोबारा नहीं लगने दूंगा।”

उन्होंने कहा, “भारत की महान हस्तियां जैसे रबींद्रनाथ टैगोर, काजी नजरूल इस्लाम तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ मदर टेरेसा की प्रतिमा लगाना सही नहीं होगा।”

नगरपालिका कार्यालय में नोबेल पुरस्कार विजेता मदर टेरेसा की प्रतिमा टैगोर, नजरूल व बोस के साथ लगी थी, जिसे पिछले सप्ताह ठाकुर ने हटवाकर वहां जन संघ के नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा लगवा दी थी।

इस घटना के बाद कांग्रेस व मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के छात्र व युवा इकाई ने अलग-अलग रैलियां निकालीं और टेरेसा की प्रतिमा हटाए जाने का विरोध किया।

सिलचर से कांग्रेस की लोकसभा सदस्य सुष्मिता देव ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली समिति शहर के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने के बजाय विभाजनकारी राजनीति में लगी हुई है और यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा ने 28 सदस्यों वाली नगरपालिका समिति में 17 सीटें जीतकर कांग्रेस को किनारे लगा दिया था।

फरवरी में हुए नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस को मात्र आठ सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493