पटना, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी पटना सहित बिहार के कई जिलों में अचानक मौसम ने करवट ले ली। मंगलवार दोपहर को बिहार के कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व बिहार में आंधी-तूफान की आशंका जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कैमूर रोहतास, भोजपुर एवं औरंगाबाद में तेज हवा के साथ बारिश हुई। आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। कुछ स्थानों पर बड़े पेड़ और घर गिरने की सूचना मिल रही है।
मौसम विभाग ने बताया कि पटना में 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी आई। तेज हवा के कारण एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई है। तेज हवा के कारण लोगों में दहशत व्याप्त है।
केंद्र के निदेशक ए़ क़े सेन ने बताया, “अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर-पूर्व बिहार में आंधी-तूफान आने की आशंका है। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है।”
मंगलवार को पटना का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 22़6 डिग्री सेल्सियस, गया का 22़7 डिग्री और पूर्णिया का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का सोमवार को अधिकतम तापमान 33़9 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 27़6 डिग्री तथा गया का 35़9 डिग्री सेल्सियस था।
dharmpath.com dharmpath