मथुरा, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिवंगत गीतकार शैलेंद्र के सम्मान में एक स्मारक द्वार का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने मुंबई जाने से पहले इसी स्थान पर कई वर्ष बिताए और लेखन के प्रति अपने जुनून को बरकरार रखा।
मथुरा से सांसद और अभिनेत्री हेमामालिनी ने जन संस्कृतिक मंच के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह मथुरा में स्मारक द्वार के निर्माण के लिए पूंजी की व्यवस्था करेगी।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सोमवार रात आईएएनएस को बताया कि वह शैलेंद्र ही थे, जिन्होंने अभिनेता, निर्माता और निर्देशक राजकपूर के साथ फिल्म सपनों के सौदागर में हेमामालिनी को लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्हें अपने गीतों के लिए तीन बार फिल्मफेयर पुरस्कार प्राप्त हुआ था। शैलेंद्र के नाम पर 2013 में एक स्मारक डाक टिकट भी जारी हुआ था। उनके बेटे दिनेश उनके जीवन पर एक वृत्तचित्र पर काम कर रहे हैं। शैलेंद्र का जन्मदिन 30 अगस्त को पड़ता है।
दिनेश ने कहा कि इस मौके पर 31 अगस्त को यहां एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गीतकार जावेद अख्तर भी शामिल होंगे।
जन संस्कृति मंच के सचिव अशोक बंसल ने कहा कि शैलेंद्र ने ‘आवारा हूं, या गर्दिश में हूं आसमां का तारा हूं’ जैसे यादगार गाने लिखे, लेकिन उन्हें उस तरह की प्रसिद्धि नहीं मिली, जिसके वह हकदार थे।
dharmpath.com dharmpath