गैमलिन ने मुख्य सचिव का कार्यभार संभाला, राष्ट्रपति से मिलेंगे केजरीवाल

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। अरविंद केजरीवाल सरकार और दिल्ली के उपराज्यपाल के बीच चल रहे विवाद ने शनिवार को उस समय एक अलग मोड़ ले लिया, जब वरिष्ठ नौकरशाह शकुंतला गैमलिन ने कार्यवाहक मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल लिया।

इस दौरान, केजरीवाल ने कहा कि वह राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात के लिए समय ले रहे हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “दिल्ली की स्थिति से अवगत कराने के लिए राष्ट्रपति मुखर्जी से मिलने का समय मांग रहा हूं।”

एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि गैमलिन ने मुख्य सचिव के रूप में अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है।

अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हां, उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है। वह अपने कार्यालय में काम कर रही हैं और फाइलों को निपटा रही है।”

वर्तमान मुख्य सचिव के.के. शर्मा के व्यक्तिगत कार्यो की वजह से अमेरिका में होने के कारण नजीब जंग ने शुक्रवार को गैमलीन को दिल्ली के कार्यवाहक मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा था।

आप सरकार ने शुक्रवार को जंग पर दिल्ली की चुनी हुई सरकार, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को दरकिनार कर सीधे सरकार चलाने का आरोप लगाया।

हालांकि, जंग ने कहा कि वह यह नियुक्ति करने के लिए सक्षम है। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से इस तरह वरिष्ठ अधिकारियों के नाम को घसीटा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493