आगरा, 22 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा में गहना व्यापारी और उसके भाई से छह किलोग्राम का सोना लूट लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गहना व्यापारी अपने भाई के साथ रविवार देर रात घर लौट रहा था, जब यह वाकया हुआ।
गहना व्यापारी रिंकू बंसल और उसके भाई रोबिन बंसल को मोटरसाइकिल सवार पांच हथियारबंद लोगों ने रास्ते में रोक कर उनसे सोना लूट लिया।
रिंकू ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ सर्राफा बाजार चौबे जी का फाटक स्थित अपनी दुकान से रविवार रात 10 बजे लौट रहे थे। दोनों भाई स्कूटर से बल्केश्वर कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे और उनके पास दो थैलों में सोना था।
घर लौटने के क्रम में विजय नगर कॉलोनी के पास एक सुनसान जगह पर पांच लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और सोने से भरे थैले तथा स्कूटर दोनों छीन लिए।
पुलिस अधीक्षक आर. के. सिंह ने कहा कि लुटेरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath